Posted by: विजय सारस्वत on: जुलाई 2, 2011
जयपुर। सीबीआई ने जयपुर जंक्शन, ढेहर के बालाजी और गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर एक साथ मारे। इन छापों से रेल प्रशासन में हडक़ंप मच गया। छापों के दौरान रेलवे सतर्कता दल के अघिकारी भी मौके पर मौजूद थे। आकस्मिक निरीक्षण के नाम पर की गई इस कार्रवाई में सीबीआई ने रेल टिकट बेचने की कालाबाजारी के बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है। बताया जाता है कि छापों में सीबीआई ने कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। इस मामले में सीबीआई ने कुछ ट्रेवल एजंटों को भी हिरासत में लिया है।सूत्रों ने बताया कि बरामद दस्तावेजों से टिकटों की कालाबाजारी में रेलवे कर्मचारियों और ट्रेवल्स एजंटों की मिलीभगत के भी संकेत मिले हैं। गौरतलब है कि हाल ही में रेलवे के तत्काल और आरक्षित टिकटों के बेचने के मामले में कालाबाजारी का खुलासा हुआ था। सीबीआई की जयपुर शाखा के प्रवक्ता जी बैरवा के मुताबिक जयपुर रेल मंडल प्रशासन की मिलीभगत से तत्काल और आरक्षित टिकटों के बेचने के मामले में बड़े पैमाने पर कालाबाजारी होने की शिकायत मिली थी। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई की जयपुर शाखा ने रेलवे के सतर्कता दल को साथ लेकर बुधवार सुबह गांधीनगर, ढेहर के बालाजी और जयपुर जंक्शन स्थित टिकट काउंटरों पर आकस्मिक निरीक्षण की कार्रवाई की। बताया जाता है कि तीनों ही ठिकानों से सीबीआई ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इस मामले में सीबीआई ने ट्रेवल्स एजंसिंयों के कुछ एजंटों को भी हिरासत में लिया है।